मेरठ: अफेयर के शक में आदमी ने सोते समय पत्नी पर किया हमला, फिर हुआ ये

उत्तर प्रदेश के मेरठ के तारापुरी इलाके में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी का उस समय गला काट दिया जब वह अपने घर में सो रही थी। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 50 वर्षीय महिला तस्लीम को आज सुबह उसकी खाट पर खून से लथपथ मृत पाया गया, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस फिलहाल मामले में 54 वर्षीय पति इसरार को पकड़ने की कोशिश कर रही है।

लिसाड़ी गेट स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) जितेंद्र सिंह ने कहा कि तसलीम के बेटे ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि इसरार ने अपनी पत्नी तसलीम की उस समय हत्या कर दी, जब वह अपने घर पर सो रही थी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में सो रहे थे।

अफेयर का शक था

अब तक की जांच के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि इसरार को तसलीम के किसी और रिश्ते में होने का शक था, जिसके चलते उनके बीच अक्सर बहस और झगड़े होते थे। पुलिस ने बताया कि घटना की रात भी इसी बात पर दंपती के बीच झगड़ा हुआ था। इस जोड़े की शादी को 35 साल हो गए थे।

थाना प्रभारी ने बताया कि तस्लीम की मौत की सूचना पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

LIVE TV