इटावाउत्तर प्रदेश

इटावा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुठभेड़ में छिनैती का शातिर अपराधी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ की एक बड़ी खबर सामने आई है। भरथना थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने छिनैती की घटनाओं में वांछित एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के रम्पुरा निवासी 32 वर्षीय अनुज शाक्य के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक अपाचे मोटरसाइकिल और 700 रुपये की नकदी बरामद की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 और 17 अक्टूबर की मध्यरात्रि भरथना पुलिस गंगौरा की ओर जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार होकर आ रहे एक संदिग्ध को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया।

आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में जा लगी। पूछताछ में आरोपी अनुज ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने 6 अक्टूबर को भरथना क्षेत्र में एक महिला का हैंडबैग छीना था। उस बैग में दो हजार रुपये थे, जिन्हें उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ बांट लिया था। बरामद किए गए 700 रुपये उसी लूट के हिस्से के हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार किया गया अनुज शाक्य एक बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ इटावा, फतेहगढ़, मैनपुरी, कन्नौज और औरैया समेत पांच जिलों के विभिन्न थानों में लूट, हत्या का प्रयास, अपहरण, फिरौती और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के कुल 33 मुकदमे दर्ज हैं। इस पूरी कार्रवाई को भरथना थाना के प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह और उनकी टीम ने मुस्तैदी से अंजाम दिया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और उसके फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

Back to top button