उत्तर प्रदेशमहोबा

महोबा: शादी के महज 4 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में फंदे से लटकता मिला शव

उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में शादी के महज चार महीने बाद एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर कोतवाली क्षेत्र के रामनगर मोहल्ले में पूर्वी नाम की विवाहिता का शव उसी के घर में फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना के तुरंत बाद ससुराल वाले उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

श्रीनगर थाना क्षेत्र के कैमाहा गांव के रहने वाले रामकुमार तिवारी की बेटी पूर्वी का विवाह इसी साल 3 मई 2026 को रामनगर के हिमांशु गंगेले के साथ हुआ था। मायके पक्ष के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे पूर्वी ने अपनी भाभी से वीडियो कॉल पर बातचीत की थी। उस समय वह पूरी तरह सामान्य और खुश नजर आ रही थी। इसके महज एक घंटे बाद शाम 5 बजे अचानक फांसी लगाने की खबर मिलने से मायके वाले स्तब्ध हैं। मायके पक्ष के रिश्तेदार राजकुमार वाजपेयी ने बताया कि अभी तक ससुराल पक्ष से उनकी सीधी बातचीत नहीं हो पाई है।

घटना के वक्त पूर्वी का पति हिमांशु घर पर मौजूद नहीं था। हिमांशु का दावा है कि घर में किसी भी बात को लेकर कोई विवाद नहीं हुआ था और आत्महत्या का कारण उनकी समझ से बाहर है। उनके मुताबिक, पूर्वी शाम को चाय बनाने के लिए कमरे में गई थी। जब वह काफी देर तक बाहर नहीं आई, तो कमरे में जाकर देखने पर वह फंदे से लटकी मिली।

जिला अस्पताल के डॉ. दीपक ने बताया कि परिजन महिला को अचेत अवस्था में लाए थे, लेकिन चिकित्सीय परीक्षण में उसकी मौत की पुष्टि हो गई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने कोतवाली पुलिस को मेमो भेज दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button