
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को BJP पर तीखा हमला बोला। उन्होंने पंजाब और हरियाणा में हुए दो सुसाइड मामलों की तुलना करते हुए कहा कि AAP सरकार आरोपियों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई करती है, जबकि BJP सरकार उन्हें बचाने में लगी रहती है।
केजरीवाल ने X पर लिखा, “पंजाब में एक अधिकारी गगनदीप सिंह रंधावा की आत्महत्या के मामले में जैसे ही पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर आरोप लगा, AAP सरकार ने तुरंत उन्हें पद से हटा दिया और गिरफ्तार कर लिया।”
दूसरी ओर, हरियाणा में IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या के मामले में केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सुसाइड नोट में कई नाम आने के बावजूद BJP सरकार आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है।
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस मामले में “जीरो टॉलरेंस” नीति का हवाला देते हुए कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। रंधावा की मौत से पहले एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें उन्होंने मंत्री पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था।



