देश

जबलपुर नाव हादसे में बेटे को आखिरी बार आगोश में लिए हुए मिला माँ का शव, मंज़र देख भावुक हुए मंत्री

जबलपुर के बरगी डैम पर हुए नाव हादसे में सबसे दिल दहला देने वाला दृश्य सामने आया है। रेस्क्यू टीम ने शुक्रवार को एक मां और उसके 4 साल के बेटे की लाशें एक-दूसरे को कसकर गले लगाए हुए निकालीं। दोनों के शरीर पर लाइफ जैकेट बंधी हुई थी।

यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद परिजनों के आंसू नहीं थमे। घटनास्थल पर पहुंचे मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह भी भावुक हो गए और रोते-रोते खुद को संभाल नहीं पाए।

गुरुवार शाम करीब 6 बजे अचानक आए तेज तूफान के कारण बरगी डैम के जलाशय में करीब 30 यात्रियों वाली क्रूज नाव पलट गई। इस हादसे में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग अभी लापता हैं। 22 लोगों को बचा लिया गया है।

SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीमें पूरे जोर-शोर से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण नाव अनियंत्रित हो गई और यात्री किनारे लौटने की गुहार लगाते रहे, लेकिन उनकी पुकार सुनी नहीं गई।

एक सर्वाइवर ने आरोप लगाया कि नाव पर पर्याप्त लाइफ जैकेट नहीं बांटी गई थीं। मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि रेस्क्यू पूरा होने के बाद साफ हो जाएगा कि लाइफ जैकेट पहनने के बावजूद कुछ लोग क्यों नहीं बच पाए।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है और कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।

Related Articles

Back to top button