तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले के शहाबद थाना क्षेत्र में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। POCSO एक्ट के आरोपी राजकुमार ने जेल से जमानत पर बाहर आते ही दो परिवारों के 6 सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी।
आरोपी पर एक नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार का मामला दर्ज था। जमानत मिलने के तुरंत बाद उसने प्रतिशोध में नाबालिग पीड़िता, उसकी मां और नानी की हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने घर पहुंचा और अपनी पत्नी तथा दो छोटे बच्चों को भी मार डाला।
हत्या करने के बाद आरोपी ने ठंडे दिमाग से अपने परिजनों को फोन कर पूरी घटना बताई और खुद आत्महत्या करने की बात कही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फ्यूचर सिटी के पुलिस कमिश्नर तरुण जोशी ने पुष्टि की कि आरोपी ने दो अलग-अलग जगहों पर यह वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की स्पेशल टीमें आरोपी की तलाश में लगी हुई हैं और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
यह घटना POCSO मामलों में आरोपी को जमानत दिए जाने और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोग आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।



