
शामली जिले के कांधला क्षेत्र के मलकपुर गांव में सोशल मीडिया के जरिए हनी ट्रैप और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग का शिकार बना 27 वर्षीय युवक बिलाल पुत्र इस्लाम ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक के परिजनों ने बताया कि बिलाल को फर्जी लोन ऐप और विदेशी नंबरों से लगातार परेशान किया जा रहा था। आरोपी उसे अश्लील फोटो भेजकर बदनाम करने की धमकी देते हुए पैसे की मांग कर रहे थे। परिवार के अनुसार, बिलाल से तीन लाख रुपये से अधिक की राशि अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाई गई थी।
14 अप्रैल को सुबह बिलाल ने दोस्तों और बहनों को वीडियो भेजकर अपनी आपबीती बताई और स्पष्ट किया कि उसकी मौत के लिए परिवार जिम्मेदार नहीं है। इसके बाद उसका फोन बंद मिला और खेतों में उसका शव बरामद हुआ।
मोबाइल चेक करने पर व्हाट्सएप पर पाकिस्तानी समेत कई विदेशी नंबरों से ब्लैकमेलिंग के मैसेज मिले। मौत के बाद भी आरोपी परिवार को गाली-गलौज कर रहे हैं। पीड़ित परिवार ने थाने में तहरीर देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
बिलाल मजदूर था और वह अपनी पत्नी तथा तीन छोटे बच्चों (6 वर्षीय बेटा, 3 वर्षीय और 1 वर्षीय बेटी) को छोड़कर चला गया। परिवार अब बेहद दुखी और आक्रोशित है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


