उत्तर प्रदेशसोनभद्र

सोनभद्र में भीषण सड़क हादसा: चेचिस की टक्कर से बाइक सवार की दर्दनाक मौत, रेलवे गेट पर पकड़ा गया आरोपी चालक

उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले स्थित विंढमगंज थाना क्षेत्र के कोलिन्डूबा गांव में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर मेदनीखांड लैम्पस के सामने एक तेज रफ्तार चेचिस वाहन ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चेचिस और मोटरसाइकिल दोनों वाहन विंढमगंज से दुद्धी की ओर जा रहे थे। टक्कर की तेज आवाज सुनकर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने युवक को सड़क पर मृत अवस्था में पाया। इसी बीच आरोपी चालक मौके का फायदा उठाकर अपना वाहन लेकर वहां से फरार हो गया।

हालांकि, ग्रामीणों की सूझबूझ और पुलिस की त्वरित नाकाबंदी के चलते भाग रहे चेचिस वाहन को रेलवे क्रॉसिंग गेट नंबर 50 के पास रोककर चालक को दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेते हुए वाहन को सीज कर दिया है।

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त झारखंड के धनराडीह (मकड़ी भवनाथपुर) निवासी अगस्त कुमार (पुत्र राजेंद्र राम) के रूप में हुई है। यह पहचान मृतक की जेब से बरामद हुए आधार कार्ड के जरिए संभव हो सकी। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है और शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी स्थित मर्चरी हाउस भेज दिया है। मामले में आगे की आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button