उत्तर प्रदेश

संत कबीर नगर में खौफनाक वारदात: चुनावी रंजिश में पहलवान की कुल्हाड़ी और गोलियों से निर्मम हत्या, आंखों में झोंकी मिर्च

उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में चुनावी रंजिश और आपसी विवाद के चलते एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के भगठान (गोसाईंपुर) गांव में गांव के ही दबंगों और पाटीदारों ने 35 वर्षीय जिला केसरी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की बेरहमी से हत्या कर दी।

हमलावरों ने इस वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब ब्रह्मानंद अपने जानवरों के लिए चोकर और दाना लेने जा रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उनकी आंखों में मिर्च का पाउडर झोंक दिया और फिर कुल्हाड़ी, लाठी-डंडों व गोलियों से ताबड़तोड़ हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

मृतक के भाई और घटना के चश्मदीद के अनुसार, आंखों में मिर्च पड़ते ही ब्रह्मानंद का संतुलन बिगड़ गया और वह अपनी बाइक से नीचे गिर गए। इसके तुरंत बाद राकेश, बलिराम, अजय, करिया, अभिमन्यु, मानसिंह, छठीर सहित 7-8 अन्य अज्ञात हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और टांगी व कुल्हाड़ी से जानलेवा वार करने लगे। जब उनके भाई ने बीच-बचाव की कोशिश की, तो दबंगों ने उन पर भी फायरिंग कर दी। अपनी जान बचाते हुए भाई ने दूर से ही इस पूरी खौफनाक घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पहलवान की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने शव को खलीलाबाद बाईपास पर रखकर सड़क जाम कर दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने बताया कि यह हत्या आपसी विवाद और चुनावी रंजिश का परिणाम है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button