उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ में खौफनाक वारदात: नशे में धुत युवक को बाइक चलाने से रोका तो किसान पर फेंका तेजाब, आंख की रोशनी जाने का खतरा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में एक बेहद दुस्साहसिक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां महज बाइक चलाने न देने पर एक सिरफिरे युवक ने किसान पर तेजाब से जानलेवा हमला कर दिया। इस खौफनाक वारदात में किसान का चेहरा और एक आंख बुरी तरह झुलस गई है।

हमलावर वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़ित की बाइक लूटकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास और लूट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी की मदद से लूटी गई बाइक को बरामद कर आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम करीब छह बजे कोड़रा रायपुर गांव के पास घटी। पीड़ित किसान उमेश ने बताया कि गांव के ही रहने वाले नन्कऊ ने उनकी मुलाकात उन्नाव के असोहा निवासी अपने रिश्तेदार दीपू से कराई थी। नन्कऊ के कहने पर उमेश, दीपू को भदेसुवा गांव छोड़ने के लिए अपनी बाइक से निकले थे।

रास्ते में गांव से बाहर निकलते ही नशे में धुत दीपू ने उमेश से बाइक चलाने की जिद शुरू कर दी। दीपू के नशे में होने के कारण उमेश ने सुरक्षा की दृष्टि से उसे बाइक देने से साफ इनकार कर दिया। इस मामूली सी बात पर आरोपी भड़क गया और उसने उमेश के साथ मारपीट शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि दीपू ने अपनी जेब में पहले से रखी तेजाब की बोतल निकाली और उमेश के चेहरे पर उड़ेल दी, जिसके बाद वह बाइक लेकर मौके से भाग निकला।

तेजाब के इस जानलेवा हमले में पीड़ित उमेश के चेहरे का एक बड़ा हिस्सा और एक आंख गंभीर रूप से झुलस गई है। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने जब उमेश को तड़पते देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़ित का दावा है कि तेजाब के प्रभाव के कारण फिलहाल उन्हें एक आंख से बिल्कुल दिखाई नहीं दे रहा है। सोमवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उमेश ने मोहनलालगंज थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर दी।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास और लूट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच में जुटी पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर उन्नाव के चौपई इलाके से लूटी गई बाइक को सफलता पूर्वक बरामद कर लिया है।

एसीपी मोहनलालगंज ने बताया कि इस मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि आरोपी अपनी जेब में पहले से तेजाब की बोतल लेकर क्यों घूम रहा था। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि क्या यह हमला किसी पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा था। फिलहाल आरोपी दीपू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Back to top button