उत्तर प्रदेशसीतापुर

सीतापुर में कोहरे का कहर: पिकअप की टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली ने भाई और दो बहनों को कुचला, तीनों की दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के तंबौर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोहरे और बेलगाम रफ्तार ने एक ही झटके में एक परिवार की तीन जिंदगियां छीन लीं। हादसे में एक युवक और उसकी दो सगी बहनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

यह भीषण दुर्घटना उस वक्त हुई जब एक तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से तीनों भाई-बहन छिटक कर सड़क पर गिर गए, तभी पीछे से आ रही ईंटों से लदी एक ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें बेरहमी से कुचल दिया।

घटना की पृष्ठभूमि के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, देवपालपुर गांव के रहने वाले शिशुपाल अपनी दोनों बहनों— पूजा देवी और गायत्री देवी के साथ रोजगार के सिलसिले में हरियाणा में रहते थे। रविवार सुबह ही तीनों भाई-बहन हरियाणा से वापस लौटकर लहरपुर पहुंचे थे। उन्हें घर ले जाने के लिए गांव से दो परिचित लोग अलग-अलग बाइक लेकर स्टेशन पहुंचे थे।

लहरपुर से शिशुपाल अपनी दोनों बहनों को एक ही बाइक पर बैठाकर अपने गांव देवपालपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रिहार स्थित पेट्रोल पंप के पास घने कोहरे के बीच यह जानलेवा हादसा हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुरक्षा में बड़ी चूक यह भी रही कि बाइक सवार तीनों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहना हुआ था।

हादसे के बाद सड़क पर खून से लथपथ शव पड़े देखकर वहां से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तंबौर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली तथा उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button