करनाल में भाजपा नेताओं को रोक रहे किसानों पर लाठीचार्ज, कई के सिर फूटे

हरियाणा में भाजपा नेताओं को रोकने की कोशिश कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज किया गया है। करनाल में घरौंडा के पास बसताड़ा टोल प्लाजा पर पुलिस ने किसानों पर लाठीचार्ज की है। किसानों भाजपा नेताओं को रोकने की योजना बनाते हुए टोल की दो-दो क्रॉसिंग छोड़कर बाकी को बंद कर दिया था। वहीं, पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की लेकिन वे नहीं माने। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दी।

बता दें कि शनिवार को करनाल शहर में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक बैठक थी। जिसके चलते करनाल पुलिस और प्रशासन ने शहर में एंट्री के सभी प्वॉइंट बंद कर रखे हैं। इसलिए किसान मीटिंग और भाजपा नेताओं का विरोध करने के लिए शहर के अंदर नहीं घुस पाए। किसानों ने शहर में कूच करना चाहा, लेकिन पुलिस ने उन्हें घुसने ही नहीं दिया। इसके बाद किसानों ने नेताओं को वहीं टोल पर रोकने की तैयारी कर ली। इस दौरान किसानों को रोकते हुए पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।

वहीं इस हमले के बाद किसानों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। लाठीचार्ज से भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी भड़क गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि पुलिस ने करनाल में किसानों का प्रवेश बंद कर दिया। बसताड़ा टोल पर किसानों पर लाठीचार्ज करके उन्हें घायल कर दिया है, जो सरासर गलत है। मेरी किसानों से अपील है कि लाठीचार्ज के विरोध में वे जहां-जहां भी संभव हो सके सड़कों पर जाम लगा दो। आगे के आदेश तक जाम रखो। टोल पर भी जाम लगाया जाना चाहिए।

LIVE TV