
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में मुंबई-नागपुर समृद्धि एक्सप्रेसवे के किनारे शनिवार शाम हड़कंप मच गया, जब गंगापुर तालुका के तकलीवाड़ी गांव के पास गेल (GAIL) की पाइपलाइन से अचानक गैस रिसाव शुरू हो गया। सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने हदास पिंपलगांव और मालीवाड़ा के बीच करीब 24 किलोमीटर लंबे हिस्से में यातायात पूरी तरह बंद कर दिया।
गेल टीम ने काबू पाया
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गईं। गेल के विशेषज्ञों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर पाइपलाइन के वाल्व बंद कर दिए, जिससे गैस का रिसाव काबू में आ गया। अधिकारियों के मुताबिक, अब पाइपलाइन के अंदर का दबाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर अग्निशमन दल और जरूरी उपकरण तैनात कर दिए गए हैं।
मुंबई जाने वालों के लिए नया रूट
जिला कलेक्टर विनय गौड़ा जीसी ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि चेनेज 447 से 470 के बीच (हदास पिंपलगांव और मालीवाड़ा के बीच) यातायात को धुले-सोलापुर राजमार्ग की तरफ डायवर्ट किया गया है। मुंबई की ओर जाने वाले वाहनों को हदास पिंपलगांव इंटरचेंज से बाहर निकलकर धुले-सोलापुर राजमार्ग का इस्तेमाल करना होगा और आगे मालीवाड़ा इंटरचेंज से वे वापस समृद्धि एक्सप्रेसवे पर लौट सकते हैं।
प्रशासन का कहना है कि वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जल्द से जल्द यातायात सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है।




