छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के सुकमा में विस्फोटक निष्क्रिय करते समय चार सीआरपीएफ जवान गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में विस्फोटक को निष्क्रिय करने के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के चार जवान घायल हो गए। उन्हें कोंटा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। ये चारों जवान सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन की गोला-बारूद तकनीकी टीम के सदस्य थे। वे जगदलपुर से कोंटा रेंज के अंतर्गत आने वाले एलारमाडगु शिविर में निरीक्षण करने और बचे हुए और अप्रयुक्त विस्फोटकों का निपटान करने के लिए आए थे।

सुरक्षा शिविर के पास बचे हुए विस्फोटक को नष्ट करते समय एक धमाका हुआ, जिसमें चार कर्मी घायल हो गए। जवानो की पहचान सहायक सब-इंस्पेक्टर एमके तिवारी, एएसआई अनीस खान, हेड कांस्टेबल कुलदीप राज और इंस्पेक्टर अमरनाथ मिश्रा के रूप में हुई है। इनमें से दो एएसआई की हालत गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि एमके तिवारी और अनीस खान को उचित इलाज के लिए संभवतः किसी अन्य चिकित्सा केंद्र में स्थानांतरित किया जाएगा। भेज्जी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले एक शिविर में सीआरपीएफ नियमित अभ्यास कर रही थी। इसी दौरान खराब ग्रेनेड और गोला-बारूद में आकस्मिक विस्फोट हो गया, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्रेनेड के टुकड़ों से चार जवान घायल हो गए।

Related Articles

Back to top button