उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

यूपी में बाढ़ का कहर: चित्रकूट में उफनाई मंदाकिनी, रेलवे ट्रैक धंसा, प्रयागराज में गंगा-यमुना खतरे के निशान पर; सीएम ने किया हवाई सर्वेक्षण

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा कर दी है। चित्रकूट में मंदाकिनी नदी ने शनिवार को भारी तबाही मचाई, जबकि प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया।

मध्य प्रदेश और पहाड़ी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश के बाद शनिवार सुबह मंदाकिनी नदी चित्रकूट में उफान पर आ गई। इससे दुकानें डूब गईं, रामघाट और आरोग्य धाम पानी से भर गए तथा यूपी-एमपी का संपर्क लगभग टूट गया। झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर कर्वी को जोड़ने वाले पुल के पास पानी पहुंच जाने से प्रशासन ने पुल पर आवागमन बंद कर दिया। इससे कानपुर, प्रयागराज, बांदा, हमीरपुर समेत कई जिलों के लगभग 10 से 15 हजार यात्री रास्ते में फंस गए।

मानिकपुर-सतना मार्ग का कारी बराह पुल टूट गया और सतना जाने वाला रास्ता बंद कर दिया गया। रेलवे ट्रैक धंसने से ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ। चित्रकूट के कई होटलों में सैकड़ों श्रद्धालु फंस गए, जो खिड़कियों और छतों से वीडियो बनाकर प्रशासन से मदद मांग रहे हैं। गोबरिया में फंसे करीब 50 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

प्रयागराज में गंगा और यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। संगम क्षेत्र स्थित हनुमान मंदिर के मुख्य द्वार और कॉरिडोर की दीवारों तक पानी पहुंच गया है। प्रशासन बचाव और राहत कार्यों में जुटा हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को बलिया के बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ और कटान प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इसके बाद राहत शिविर पहुंचकर प्रभावितों को राहत सामग्री बांटी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 26 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। करीब 1.71 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, 251 गांव प्रभावित हैं और एक हजार से अधिक लोगों को बाढ़ शरणालयों में रखा गया है।

राहत-बचाव के लिए 447 बाढ़ चौकियां स्थापित की गई हैं। उन्होंने कहा कि बिजली या बाढ़ से होने वाली मौत पर कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। बाढ़ में गरीब का मकान गिरने पर तत्काल भूमि का पट्टा और आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

Related Articles

Back to top button