
महाराष्ट्र के नासिक जिले के लासलगांव इलाके में एक ढोंगी बाबा का मामला सामने आया है। आरोपी महेशगिरी ने खुद को दैवीय शक्तियों वाला साधु बताकर महिलाओं को अपने जाल में फंसाया और भूत-प्रेत का डर दिखाकर उनका यौन शोषण किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने जन्म तिथि लेने के बहाने संपर्क बढ़ाया और पारिवारिक समस्याओं व भूत-बाधा दूर करने का झांसा दिया। वह गंगापुर मठ की तर्ज पर अपना ठिकाना बनाकर लोगों को पापनाशक कुंड में स्नान और औदुंबर के पेड़ के चक्कर लगाने के लिए मजबूर करता था।
महिला का आरोप है कि आरोपी उसे नासिक-त्र्यंबक रोड स्थित एक लॉज में ले गया, जहां ‘दैवी विधि’ के नाम पर उसके साथ रेप किया और आपत्तिजनक फोटो भी लीं।
मामला अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने महेशगिरी के खिलाफ रेप और जादू-टोना विरोधी कानून की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने कई अन्य महिलाओं के साथ भी इसी तरह का शोषण किया हो सकता है। जांच जारी है।




