आज़मगढ़उत्तर प्रदेश

आजमगढ़ में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: गोकशी के आरोपी विशाल यादव के पैर में लगी गोली, गिरफ्तार

आजमगढ़ जिले की गंभीरपुर थाना पुलिस को गोकशी की सूचना मिलने पर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो बदमाशों के साथ उसकी मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसकी पहचान किशनपुर काशीनाथ गांव निवासी विशाल यादव (25) के रूप में हुई है।

घायल बदमाश को पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है। हालांकि, इस दौरान उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

सीओ सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, चाकू, चापड़ और एक बछड़ा बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विशाल यादव के खिलाफ आजमगढ़ सहित अन्य जनपदों में गैंगस्टर एक्ट, गोकशी और सामूहिक दुष्कर्म जैसे लगभग 12 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके पूरे आपराधिक इतिहास की गहराई से छानबीन कर रही है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुठभेड़ के बाद घटनास्थल की गहन जांच की गई और सभी साक्ष्य जुटाए गए। फरार दूसरे बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button