
उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (BJP) प्रदेश कोर कमेटी की शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए संभावित उम्मीदवारों के नामों पर गहन चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि राज्यसभा उम्मीदवार के लिए नामों का अंतिम पैनल तैयार करने की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट और प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा को सौंपी गई है। बैठक में नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा का कोर कमेटी में औपचारिक स्वागत भी किया गया।
पार्टी की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी देते हुए बताया कि मौजूदा राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है, जिसको लेकर खाली हो रही इस सीट के लिए विभिन्न नामों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कोर कमेटी के समक्ष महिला, अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और युवा वर्ग समेत समाज के विभिन्न वर्गों से लगभग दो दर्जन प्रमुख दावेदारों के नाम सामने आए हैं। विस्तृत चर्चा के बाद यह तय किया गया कि सीएम, प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री मिलकर अधिकतम पांच नामों का एक पैनल तैयार करेंगे, जिसे अंतिम निर्णय के लिए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।
बैठक में आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों की रणनीति और ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भी व्यापक समीक्षा की गई। विधानसभा चुनाव में जीत की हैट्रिक लगाने के लक्ष्य के साथ संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई। इसके तहत सभी क्षेत्रों में संगठन सुदृढ़ीकरण, शक्ति केंद्र आधारित योजना, बूथ स्तर की मजबूती और पन्ना प्रमुखों को पूरी तरह सक्रिय करने पर जोर दिया गया।
कोर कमेटी के सदस्यों ने केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने तथा जनता के बीच इनका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।




