
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता के बाद मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में नागरासू घटना पर कहा कि सरकार, प्रशासन और पुलिस निष्पक्ष तरीके से सभी पक्षों को ध्यान में रखकर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों ने प्रशासनिक अधिकारियों से मुलाकात की है और डीजीपी लगातार संपर्क में हैं।
चार धाम यात्रा पर सकारात्मक अपडेट
सीएम धामी ने बताया कि इस बार चार धाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। करीब 40 लाख तीर्थयात्री पहले ही उत्तराखंड पहुंच चुके हैं। हमकुंड साहिब में पिछले वर्ष की तुलना में 20 से 25 हजार अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं, जिनकी संख्या शुरुआती चरण में 1.25 लाख के आसपास पहुंच गई है।
सभी धर्मों का सम्मान
मुख्यमंत्री ने देवभूमि उत्तराखंड की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा कि यहां ‘अतिथि देवो भव’ की भावना से हर आने वाले का सम्मान किया जाता है। उन्होंने बताया कि हमकुंड साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब जैसे तीन प्रमुख सिख तीर्थस्थल उत्तराखंड में हैं, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
धामी ने अपील की कि सोशल मीडिया पर भ्रामक और उत्तेजक खबरें फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विवादों का समाधान संवाद और आपसी समझ से ही संभव है।



