
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को गढ़ी कैंट स्थित लेट हरबंस कपूर मेमोरियल कम्युनिटी हॉल में पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी (रि.) की स्मृति सभा में पुष्पांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर CM धामी ने खंडूरी जी को एक सच्चे सैनिक, दूरदर्शी प्रशासक, लोकप्रिय जनप्रतिनिधि और उत्तराखंड निर्माण के प्रमुख शिल्पकार बताया। उन्होंने कहा कि खंडूरी जी सत्यनिष्ठा, समर्पण, सरलता और देशभक्ति के प्रतीक थे। उनका जीवन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
धामी ने खंडूरी के 1971 के भारत-पाक युद्ध में साहस, वीरता और सीमा क्षेत्रों में इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में दिए गए योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि खंडूरी जी ने गढ़वाल से पांच बार लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया और अलग उत्तराखंड राज्य की मांग को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती दी।
मुख्यमंत्री ने खंडूरी के निधन को उत्तराखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति बताया। उन्होंने कहा, “एक युग का अंत हुआ है, लेकिन उनके आदर्श, मूल्य और योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।”




