
अमेरिका की ईरान बंदरगाहों पर लगाई गई नाकेबंदी के पहले दिन ही चीनी स्वामित्व वाले टैंकर ‘रिच स्टारी’ को वापस लौटना पड़ा। जहाज हॉर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन अमेरिकी नौसेना ने उसे रोक दिया।
मंगलवार को नाकेबंदी शुरू होने के बाद कम से कम आठ जहाज हॉर्मुज से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि पहले 24 घंटों में कोई भी जहाज नाकेबंदी पार नहीं कर सका। छह जहाजों ने अमेरिकी बलों के निर्देश पर वापस ईरानी बंदरगाह की ओर मुड़ गए।
रिच स्टारी टैंकर पर पहले से अमेरिकी प्रतिबंध लगे हैं क्योंकि यह ईरान से कारोबार करता है। यह जहाज संयुक्त अरब अमीरात के हमरियाह बंदरगाह से लगभग 2.5 लाख बैरल मेथेनॉल लेकर जा रहा था।
अमेरिकी डेस्ट्रॉयर ने मंगलवार को चाबहार बंदरगाह से निकलने की कोशिश कर रहे दो तेल टैंकरों को भी रोक लिया।
नाकेबंदी के कारण शिपिंग कंपनियों, तेल कंपनियों और बीमा कंपनियों में अनिश्चितता बढ़ गई है। पहले रोजाना 130 से ज्यादा जहाज हॉर्मुज से गुजरते थे, लेकिन अब ट्रैफिक बहुत कम हो गया है।
दूसरी ओर, एक और अमेरिकी प्रतिबंधित जहाज ‘एलिसिया’ बुधवार को हॉर्मुज से गुजरकर खाड़ी में प्रवेश कर रहा है। यह खाली टैंकर इराक से तेल लोड करने जा रहा है।
ट्रंप ने रविवार को इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान वार्ता विफल होने के बाद नाकेबंदी की घोषणा की थी।




