सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में हुआ बड़ा खुलासा, पुलिस ने की आठ शूटरों की पहचान, पुलिस की छापेमारी जारी

पंजाब पुलिस ने सिद्धू मूसेवाला की हत्या में शामिल आठ शूटरों की पहचान का दावा किया है। इनमें दो शूटर महाराष्ट्र, दो हरियाणा, तीन पंजाब और एक राजस्थान का रहने वाला है। वहीं गैंगस्टरों की तलाश में पंजाब पुलिस हरियाणा-पंजाब, राजस्थान और महाराष्ट्र में छापेमारी कर रही है।

पंजाब पुलिस के मुताबिक मूसेवाला की हत्या के मामले में कई महत्वपूर्ण सुराग मिल चुके हैं। हत्या में शामिल अपराधियों का पता लगा लिया गया है। हत्यारे किन रास्तों से आए थे और वे कैसे भागे। सबकी जानकारी मिल चुकी है। पंजाब पुलिस को शक है कि, इन्हीं शूटरों ने 29 मई को मानसा में सिद्धू मूसेवाला की हत्या की थी। ये सभी शूटर तीन दिन पहले कोटकपूरा हाइवे पर इकट्ठा हुए थे। इनके साथ दो और लोग भी शामिल थे। उनकी भी पहचान की जा रही है।

फैन बनकर रेकी करने वाले गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने सिरसा के कालांवाली के संदीप उर्फ केकड़ा को फैन बनकर सिद्धू मूसेवाला की रेकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि, वह दो लोगों के साथ सिद्धू के घर गया था। इसमें उसका दोस्त निक्कू और बठिंडा का शूटर केशव शामिल था। सिद्धू के घर से कुछ दूरी पर उन्होंने केशव को उतार दिया। उसके बाद निक्कू और केकड़ा फैन बनकर मूसेवाला के घर के बाहर पहुंचे। यहां पर दोनों 45 मिनट रुके। चाय पी। सिद्धू जब घर से बाहर आए तो केकड़ा ने सिद्धू के साथ सेल्फी ली और थार की फोटो भी खींची।

मर्डर केस में वांटेड है पुणे का शूटर


आठ शूटरों में शामिल संतोष जाधव पुणे का रहने वाला है। पुणे के पुलिस अधीक्षक अभिनव देशमुख के मुताबिक जाधव के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। एक में उसके खिलाफ मकोका भी लगाया गया है। पिछले साल पुणे में हुई एक हत्या में वह संलिप्त था। उसके बाद से वह फरार है।

LIVE TV