
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को पहली बार उन छह भारतीय सैन्यकर्मियों के नाम आधिकारिक तौर पर जारी किए, जो पिछले साल मई में पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकी ढांचे को नष्ट करने के लिए चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए थे। इन छह कर्मियों में से पांच भारतीय सेना से और एक भारतीय वायु सेना से हैं। यह ऑपरेशन के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा झेली गई मौतों की पहली औपचारिक सार्वजनिक स्वीकृति है।
इस सूची में मुख्यालय 10 इन्फैंट्री के सूबेदार मेजर पवन कुमार, जम्मू और कश्मीर लाइट इन्फैंट्री रेजिमेंट के राइफलमैन सुनील कुमार, 5 फील्ड रेजिमेंट के लांस नायक दिनेश कुमार, 851 लाइट रेजिमेंट के अग्निवीर मूड मुरली नायक, 237 फील्ड वर्कशॉप के हवलदार सुनील कुमार सिंह और भारतीय वायु सेना के 39 विंग के सार्जेंट सुरेंद्र कुमार शामिल हैं। गौरतलब है कि जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में 7 मई, 2025 को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था, जिसमें 26 नागरिकों की जान गई थी।



