
विकासनगर के कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात शक्ति नहर में एक कार गिरने की घटना हुई। पुल नंबर दो के पास हुई इस घटना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। कार के कुछ हिस्से और रगड़ के निशान मिलने के बाद नहर में तलाश अभियान तेज कर दिया गया है।
पुलिस को सूचना मिली कि डाकपत्थर से विकासनगर की ओर आ रही एक कार अनियंत्रित होकर नहर में गिर गई। मौके पर पहुंचने पर नहर में कार नजर नहीं आई, लेकिन पत्थर और झाड़ियों पर रगड़ के निशान तथा कार के बोनट का एक छोटा टुकड़ा मिला। एक व्यक्ति ने पुलिस को नहर में डूबती कार का वीडियो भी दिखाया। अंधेरे के कारण रात में कार का सुराग नहीं मिल सका।
बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने नहर में सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन अब तक कार का पता नहीं चल पाया है। कार में सवार लोगों की भी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं हुई है।
सीओ विवेक कुटियाल ने बताया कि डाकपत्थर क्षेत्र से रात से एक युवक भी लापता है। नहर में सर्च अभियान के साथ युवक के परिजनों से जानकारी जुटाई जा रही है।




