
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पुराने नेताओं को वापस लाकर अपना कुनबा मजबूत कर रही है। पार्टी में पूर्व राज्य मंत्री अशोक गौतम की वापसी हुई है और उन्हें लखनऊ का मुख्य मंडल प्रभारी बनाया गया है।
इसके अलावा बुलंदशहर के मुकेश पंडित, नोएडा के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सतवीर नागर को मेरठ मंडल का जोनल प्रभारी बनाते हुए पार्टी में शामिल किया गया है। आजाद समाज पार्टी के आगरा नेता महेश चंद्रा ने भी बसपा की सदस्यता ली है।
मऊ के मोहम्मदाबाद में कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान जेके आजाद को बसपा प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। पार्टी अब कार्यकर्ता सम्मेलनों के जरिए प्रत्याशियों की घोषणा कर अपने वोट बैंक को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है।
बसपा जल्द ही सहारनपुर और सुल्तानपुर में भी बड़े कार्यकर्ता सम्मेलन करने जा रही है, जहां कई और प्रत्याशियों के नाम का ऐलान होने की संभावना है।



