
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में बेखौफ बदमाशों का दुस्साहस सामने आया है। जिले के करहल कस्बे में किशनी रोड पर बुधवार देर रात हथियारों से लैस बदमाशों ने एक घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में भारी दहशत फैला दी। इस जानलेवा हमले में मकान की दूसरी मंजिल पर खिड़की के पास खड़े अर्पित कुमार के सीने में शीशा चीरते हुए एक गोली जा लगी। गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान अवस्था में युवक को परिजनों द्वारा तत्काल पीजीआई सैफई में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।
घटना के संबंध में पीड़ित पिता सुनील कुमार ने बताया कि रात करीब 10:20 बजे पांच-छह गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने उनके घर के बाहर अचानक उतरकर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुए इस हमले के दौरान घर के अन्य सदस्यों ने कमरों में छिपकर किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन दूसरी मंजिल पर मौजूद उनका बेटा इस खौफनाक फायरिंग का शिकार हो गया। घटना के बाद से ही पूरे इलाके और पीड़ित परिवार में खौफ का माहौल है।
इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पुलिस ने घायल के पिता की तहरीर पर पांच नामजद और चार-पांच अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। नामजद आरोपियों में सम्यक उर्फ लव, संकेत उर्फ लल्ला, आशीष यादव, सौरभ उर्फ टिल्लू और अंशुल पाल शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक तिवारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीमों का गठन कर दिया गया है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



