
मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री और उनके हाव-भाव की नकल किए जाने पर सियासी घमासान छिड़ गया है। कार्यक्रम के दौरान मंच से पीएम मोदी और एक बुजुर्ग महिला के बीच हुई बातचीत पर किए गए कटाक्ष और उस पर राहुल गांधी के हंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस सांसद पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने साफ शब्दों में कहा है कि मां और बुजुर्गों का सम्मान भारतीय संस्कृति की बुनियाद है और उन्हें राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।
इंदौर में आयोजित इस युवा संवाद कार्यक्रम में स्टैंड-अप कॉमेडियन पुलकित मणि ने मंच से एक संक्षिप्त एक्ट प्रस्तुत किया था। इस एक्ट के दौरान कॉमेडियन ने प्रधानमंत्री मोदी के बात करने के अंदाज, विदेशी नेताओं से मुलाकातों (विशेषकर “माई फ्रेंड” संबोधन), उनकी विदेश नीति, बच्चों के साथ सिक्का दिखाने वाले करतब और हालिया एआई समिट से जुड़े गलगोटियास विवाद का मजाक उड़ाया। इतना ही नहीं, कॉमेडियन ने पीएम मोदी द्वारा एक रैली के दौरान बुजुर्ग मां के साथ हुए संवाद का भी उपहास उड़ाया। मंच पर मौजूद रायबरेली सांसद राहुल गांधी भी इस दौरान खुलकर हंसते नजर आए और कॉमेडियन के “माई फ्रेंड, हाउ आर यू?” कहने पर उन्होंने भी “आई एम फाइन, हाउ आर यू, मोदी जी?” कहकर जवाब दिया।
इस वीडियो के सामने आते ही बीजेपी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बीजेपी के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर वीडियो साझा करते हुए लिखा गया कि एक तरफ जहां पीएम मोदी एक बुजुर्ग मां को आदर और स्नेह देते हैं, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी अपने कार्यक्रम में उनका मजाक उड़ाते हैं; यही संस्कारों की राजनीति और नौटंकी की राजनीति के बीच का असली अंतर है। बीजेपी प्रवक्ता सी.आर. केसवन ने भी कांग्रेस सांसद की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों का अपमान करने वाले तत्वों के साथ मंच साझा करना कांग्रेस की अभद्र संस्कृति और प्रतिगामी राजनीति को दर्शाता है।
इसके अलावा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी समेत कई वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने भी राहुल गांधी के इस आचरण की निंदा की है। भाजपा नेताओं का कहना है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी की माताजी और बुजुर्गों को हास्य व तंज का पात्र बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और अशोभनीय है। वहीं, सोशल मीडिया पर इस वीडियो के वायरल होने के बाद से दोनों दलों के समर्थक आमने-सामने आ गए हैं और यह मुद्दा सियासी गलियारों में गरमाया हुआ है।



