
बरेली के भोजीपुरा कस्बे के न्यू इंग्लैंड डिकोनस स्कूल की बस शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे जटऊ पट्टी गांव के समीप लिंक मार्ग पर अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। बस में कुल 31 बच्चे सवार थे, जिनमें से 13 बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सभी घायल बच्चों को तुरंत राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि स्कूल बस का चालक नाबालिग है।
स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप
हादसे की खबर मिलते ही अभिभावक मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि एक नाबालिग चालक खस्ताहाल बस चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। एक अभिभावक ने बताया कि उन्होंने कई बार स्कूल प्रबंधन से बस बदलने और नाबालिग चालक को हटाने की शिकायत की थी, लेकिन शिकायतों को अनसुना कर दिया गया।
परिजनों ने मांग की है कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही से किसी अन्य बच्चे की जान जोखिम में न पड़े। इलाके के लोगों और अभिभावकों में स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भारी गुस्सा है।
घायल बच्चों में शामिल
वसीम राजा (कक्षा-8), अक्सी नूर (कक्षा-4), अबुसर, असलान (कक्षा-2), आकिब (कक्षा-2), मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद असलम और आसिफ राजा समेत अन्य बच्चे घायल हुए हैं।



