उत्तर प्रदेशबरेली

बरेली: ‘माय बार हेडक्वार्टर’ के बाहर दो गुटों में जमकर बवाल, युवतियों ने बीच सड़क पर एक-दूसरे को पीटा

उत्तर प्रदेश के बरेली में पीलीभीत बाइपास (सेटेलाइट चौकी क्षेत्र) स्थित ‘माय बार हेडक्वार्टर’ के बाहर शनिवार रात दो गुटों के बीच जमकर हंगामा और मारपीट हुई। महंगी गाड़ियों में सवार होकर आए इन युवक-युवतियों के बीच सड़क पर ही हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि युवतियां एक-दूसरे के बाल पकड़कर हाथापाई करने लगीं, जबकि कुछ लड़कों ने एक युवक को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। एएसपी शिवम आशुतोष के निर्देश पर बारादरी थाना पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि मारपीट करने वाले युवक-युवतियों की स्पष्ट पहचान की जा सके।
साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह विवाद बार के अंदर किसी बात को लेकर शुरू हुआ था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि ‘माय बार हेडक्वार्टर’ में मारपीट और विवाद का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले बीते क्रिसमस नाइट पर भी यहां टेबल बुकिंग को लेकर जमकर बवाल हुआ था। उस दौरान एक युवती के साथ बदसलूकी की गई थी और विरोध करने पर उसके भाई के साथ मारपीट करते हुए युवती के सिर पर कांच की बोतल फोड़ दी गई थी। पुलिस ने उस मामले में भी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

Related Articles

Back to top button