
पश्चिमी अलास्का में एक दूरस्थ रडार स्थल के पास आठ लोगों को ले जा रहा एक चार्टर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया , जिसमें विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड के अलास्का क्षेत्र के प्रमुख क्लिंट जॉनसन ने बताया कि विमान में दो पायलट और छह यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि उनकी हालत के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है। जॉनसन ने बताया कि विमान ने एंकोरेज से उड़ान भरी थी और माना जा रहा है वह केप न्यूएनहैम के पास पहुंचते समय वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया, फिलहाल दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
संघीय विमानन प्रशासन (FAA) और राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) इस मामले की जांच करेंगे। FAA ने बताया कि NTSB जांच का नेतृत्व करेगा।
अलास्का बचाव समन्वय केंद्र, अलास्का स्टेट ट्रूपर्स और अमेरिकी तटरक्षक बल के साथ मिलकर काम कर रहा है। अलास्का कमांड ने बताया कि विमान एक नागरिक अनुबंधित उड़ान थी। कमांड ने आगे कहा कि खोज और बचाव दल ने बाद में पुष्टि की कि कोई भी जीवित नहीं बचा है। विमान केप न्यूएनहैम हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जो एक वायु सेना की हवाई पट्टी है और लंबी दूरी के रडार स्थल तक पहुंच प्रदान करती है।



