
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर तीखा सियासी हमला बोला। अपने चर्चित पीडीए (PDA) फॉर्मूले का नया विस्तार करते हुए अखिलेश ने कहा कि इसमें ‘A’ का मतलब अब ‘अंगद’ भी है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि “पीडीए में तो अब अंगद भी आ गए हैं।”
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर सीधा निशाना साधते हुए सपा प्रमुख ने उनके चुनाव लड़ने पर सवाल खड़े किए। अखिलेश ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या केशव मौर्य को चुनाव लड़ने के लिए कोई नया क्षेत्र मिल गया है? इसके साथ ही उन्होंने सिराथू विधानसभा चुनाव की याद दिलाते हुए कहा कि उन्हें (केशव मौर्य को) तो हमारी बहन ने ही चुनाव में हरा दिया था।
वहीं, सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान के जेल जाने और उन पर हो रही कानूनी कार्रवाई को लेकर भी अखिलेश यादव ने राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आजम खान साहब के साथ लगातार अन्याय किया जा रहा है और यह पूरा अन्याय खुद सरकार ही कर रही है।
बीजेपी के भविष्य को लेकर दावा करते हुए अखिलेश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब हारने वाली पार्टी बनने जा रही है। उनके इन तीखे बयानों के बाद उत्तर प्रदेश के सियासी हलकों में पीडीए और आजम खान के मुद्दे पर एक बार फिर बहस तेज हो गई है।



