उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी में युवतियों का ‘हाई-वोल्टेज ड्रामा’: महमूरगंज के प्रसिद्ध डोसा कॉर्नर पर रंगदारी के लिए सरेआम तोड़फोड़ और मारपीट, वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी वाराणसी से कानून-व्यवस्था को मुंह चिढ़ाती हुई एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शहर के पॉश और व्यस्त इलाके महमूरगंज (भेलूपुर थाना क्षेत्र) में स्थित मशहूर ‘लीलाराम डोसा’ कॉर्नर पर दो युवतियों द्वारा सरेआम गुंडागर्दी, तोड़फोड़ और मारपीट करने का मामला तूल पकड़ रहा है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है, जिसने स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और पुलिस की गश्त पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

दुकान के मालिक बाल मुकुंद और वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, यह पूरी घटना उस वक्त शुरू हुई जब काले रंग की एक एक्टिवा स्कूटी पर सवार दो युवतियां दुकान के बाहर पहुंचीं। चश्मदीदों का कहना है कि शुरुआत में दोनों सड़क पर खड़ी होकर अपने मोबाइल से व्लॉगिंग (Vlogging) कर रही थीं, लेकिन अचानक उनके तेवर आक्रामक हो गए और वे सीधे दुकान के अंदर जा घुसीं।

आरोप है कि युवतियों ने दुकान में घुसते ही रंगदारी की मांग शुरू कर दी और जब उन्हें पैसे देने से मना किया गया, तो उन्होंने अपना आपा खो दिया। इसके बाद उन्होंने दुकान का सामान उठाकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया।

इस मनमानी और सरेआम गुंडागर्दी का जब दुकान के कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों ने विरोध किया, तो युवतियां मारपीट पर उतारू हो गईं। इस अफरा-तफरी के बीच वहां मौजूद एक ग्राहक के मासूम बच्चे को भी चोटें आईं। दुकानदार का यह भी आरोप है कि युवतियों ने गल्ले से नकदी लूटने का भी प्रयास किया।

इतना ही नहीं, वहां से जाते-जाते उन्होंने दुकानदार को झूठे मुकदमों में फंसाने और जान से मारने की धमकी तक दे डाली। दबंगई दिखाते हुए उन्होंने अपना संबंध सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके के कुछ लोगों से भी बताया।

इस पूरे मामले में एक दूसरा और अहम पहलू सीसीटीवी फुटेज के ऑडियो से सामने आ रहा है। वीडियो में तोड़फोड़ शुरू करने से ठीक पहले एक युवती को यह कहते हुए साफ सुना जा सकता है कि उसके पिता के साथ मारपीट की गई थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

युवती की इस बात से यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह मामला केवल रंगदारी का नहीं है, बल्कि इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश या आपसी विवाद भी हो सकता है, जिसके चलते गुस्से में आकर इस घटना को अंजाम दिया गया।

घटना की गंभीरता और इलाके में फैले आक्रोश को देखते हुए पीड़ित दुकानदार बाल मुकुंद ने भेलूपुर थाने में सीसीटीवी फुटेज के साथ लिखित शिकायत दर्ज करा दी है। मामले पर संज्ञान लेते हुए भेलूपुर थाने के इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात युवतियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों युवतियों की शिनाख्त करने में जुटी हुई है, ताकि उन्हें गिरफ्तार कर घटना के पीछे की असली वजह का पर्दाफाश किया जा सके।

Related Articles

Back to top button