खेल

IPL 2027 के मिनी ऑक्शन में 7 बांग्लादेशी खिलाड़ियों की एंट्री, पुराने विवादों के बीच मुस्तफिजुर रहमान का भी नाम

आईपीएल 2027 की सुगबुगाहट तेज हो गई है और 16 दिसंबर को होने वाले मिनी ऑक्शन के लिए खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन करना शुरू कर दिया है। पिछले सीजन में हुए भारी विवाद के बावजूद इस बार सात बांग्लादेशी क्रिकेटरों ने नीलामी प्रक्रिया का हिस्सा बनने के लिए अपना नाम दिया है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सूची में अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान का नाम सबसे प्रमुख है। उनके अलावा नाहिद राणा, रिशाद हुसैन, हसन महमूद, तौहीद हृदोय, तस्कीन अहमद और शोरफुल इस्लाम ने भी ऑक्शन के लिए पंजीकरण कराया है।

मुस्तफिजुर रहमान की आईपीएल में वापसी की कोशिशों ने करीब 10 महीने पुराने विवाद को फिर से ताजा कर दिया है। आईपीएल 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स ने इस बांग्लादेशी गेंदबाज को अपनी टीम में शामिल किया था। हालांकि, उसी दौरान बांग्लादेश में हिंसक प्रदर्शन हुए और अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमलों की गंभीर खबरें सामने आईं। इन घटनाओं को देखते हुए बीसीसीआई के निर्देश पर फ्रेंचाइजी ने सीजन शुरू होने से पहले ही मुस्तफिजुर को रिलीज कर दिया था, जिस पर बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कड़ी आपत्ति जताई थी।

यह विवाद सिर्फ आईपीएल तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका असर 2026 के टी20 वर्ल्ड कप पर भी पड़ा। भारत की मेजबानी में हुए इस वर्ल्ड कप को लेकर बांग्लादेश ने न्यूट्रल वेन्यू (तटस्थ स्थान) की मांग रख दी थी। जब यह मांग खारिज कर दी गई, तो बांग्लादेश ने कड़ा रुख अपनाते हुए इस बड़े आईसीसी टूर्नामेंट से अपना नाम ही वापस ले लिया था। इन तनावपूर्ण रिश्तों के बीच अब बांग्लादेशी खिलाड़ियों का दोबारा आईपीएल में दिलचस्पी दिखाना चर्चा का विषय बना हुआ है।

फिलहाल, मिनी ऑक्शन में शामिल होने वाले खिलाड़ियों की अंतिम और आधिकारिक सूची आना बाकी है। प्रक्रिया के तहत, सबसे पहले आईपीएल की सभी 10 टीमें अपने रिटेन किए गए खिलाड़ियों की लिस्ट जारी करेंगी। इसके बाद टीमों द्वारा रिलीज किए गए खिलाड़ियों और नए रजिस्ट्रेशन को मिलाकर बीसीसीआई वह फाइनल लिस्ट तैयार करेगा, जिन पर ऑक्शन के दिन बोली लगाई जाएगी।

Related Articles

Back to top button