उत्तर प्रदेशचित्रकूट

चित्रकूट में दर्दनाक हादसा: झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मासूम समेत 4 श्रद्धालुओं की मौत, 12 घायल

उत्तर प्रदेश की धर्मनगरी चित्रकूट में सोमवार तड़के एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाईवे पर श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के अचानक अनियंत्रित होकर खाई में पलटने से एक मासूम बच्चे सहित चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, इस भीषण दुर्घटना में 12 अन्य श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा रैपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रामनगर कस्बे के पास पावर हाउस के समीप रात करीब ढाई बजे उस वक्त हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर और ट्रॉली को आपस में जोड़ने वाला गुल्ला (हिच) अचानक बीच रास्ते में टूट गया। गुल्ला टूटने से ट्रैक्टर आगे निकल गया और अनियंत्रित ट्रॉली हाईवे के किनारे खाई में जा गिरी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रयागराज जिले के खीरी थाना क्षेत्र के ऊंचा गांव से लगभग दो दर्जन श्रद्धालु शनिवार को भगवान के दर्शन के लिए चित्रकूट आए हुए थे। इस जत्थे में प्रयागराज के लोगों के साथ-साथ मध्य प्रदेश के रीवा जिले से आए उनके कुछ रिश्तेदार भी शामिल थे।

रविवार की देर रात पवित्र मंदाकिनी में दीपदान और दर्शन-पूजन संपन्न करने के बाद सभी लोग खुशी-खुशी ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर वापस प्रयागराज लौट रहे थे। गहरी नींद और सफर की थकान के बीच अचानक ट्रॉली के पलटने से मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई श्रद्धालु ट्रॉली के भारी वजन के नीचे दब गए। आधी रात को हाईवे पर हुए इस हादसे से गुजरने वाले लोगों में हड़कंप मच गया।

हादसे की सूचना मिलते ही रैपुरा थाना पुलिस की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रॉली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। सभी को तुरंत एंबुलेंस के जरिए रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने मध्य प्रदेश के चाकघाट (रीवा) निवासी शिवांश, त्रिवेणी, छह वर्षीय मासूम नन्हे और ऊंचा गांव (प्रयागराज) निवासी राधेकृष्ण को मृत घोषित कर दिया।

रैपुरा थाना प्रभारी राम सिंह के मुताबिक, हादसे में घायल हुए 12 लोगों में से सात की हालत बेहद नाजुक है। गंभीर रूप से घायल राज कुमारी, दिव्यांशी, रेखा, संगीता और सुनैना सहित सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button