उत्तर प्रदेशसहारनपुर

देहरादून में दर्दनाक हादसा: कार पर मौत बनकर पलटा कंटेनर, सहारनपुर के एक ही परिवार के 3 सदस्यों समेत चार की मौत, दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। देहरादून में प्रवेश करते ही एक भारी-भरकम कंटेनर अचानक अनियंत्रित होकर एक कार के ऊपर पलट गया। इस खौफनाक हादसे में उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्यों और उनके कार चालक सहित कुल चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

वहीं, कार में सवार एक छह वर्षीय मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। त्योहारों के इस मौसम में जहां हर तरफ दिवाली की रोशनी और उल्लास है, वहीं इस भयानक हादसे ने सहारनपुर के कपूर परिवार की सारी खुशियों को एक पल में गहरे मातम में बदल दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहारनपुर के कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र स्थित गोकुल एनक्लेव (जीपीओ रोड) के रहने वाले सेल टैक्स अधिवक्ता विश्वेश कपूर बुधवार शाम करीब चार बजे अपनी कार से देहरादून के लिए निकले थे। उनके साथ उनकी मां किरण, पत्नी निशा और छह साल का बेटा माहेर भी मौजूद थे।

कार चलाने के लिए नीरज नाम के ड्राइवर को किराए पर लिया गया था। यह परिवार देहरादून में रहने वाले अपने छोटे बेटे दीपेश कपूर (जो पेशे से बिल्डर हैं) की गर्भवती पत्नी का हालचाल जानने और घर में आने वाली नई खुशियों की तैयारी के सिलसिले में जा रहा था। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था; मंजिल पर पहुंचने से ठीक पहले मौत ने ऐसा झपट्टा मारा कि खुशियों का सफर चीख-पुकार में बदल गया और विश्वेश, उनकी पत्नी, मां और ड्राइवर हमेशा के लिए मौत की नींद सो गए।

इस अकल्पनीय घटना की खबर जैसे ही सहारनपुर स्थित उनके मोहल्ले में पहुंची, हर कोई स्तब्ध रह गया और उनके घर के बाहर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पड़ोसियों ने रुंधे गले से बताया कि विश्वेश बेहद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे, जो सबसे बड़ी आत्मीयता से मिलते थे।

महज तीन दिन पहले ही उन्होंने बड़े चाव से अपने पूरे घर को दिवाली के लिए रंग-बिरंगी झालरों से सजाया था और बच्चों के साथ आतिशबाजी भी की थी। जिस घर में आने वाले नन्हें मेहमान और दिवाली के जश्न की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब सिर्फ चीखें और सन्नाटा पसरा हुआ है। मोहल्ले के लोग इस भीषण दुख से गहरे सदमे में हैं और इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि कुछ घंटों पहले हंसता-मुस्कुराता परिवार अब इस दुनिया में नहीं रहा।

Related Articles

Back to top button