
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में एक बेहद दर्दनाक ‘हिट एंड रन’ (Hit and Run) का मामला सामने आया है। हरदुआगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत शेखा नहर पुल के पास बुधवार रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 30 वर्षीय दूध विक्रेता विनीत कुमार की जान चली गई।
अकराबाद क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव निवासी विनीत रोजाना की तरह अलीगढ़ से दूध बेचकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हुआ। टक्कर इतनी भयंकर थी कि विनीत गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक पीड़ित की मदद करने के बजाय मौके से वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन इस दौरान गाड़ी की नंबर प्लेट घटनास्थल पर ही गिर गई। घर के कमाऊ सदस्य के अचानक चले जाने से विनीत की मां मीना, पत्नी रेशु जादौन और दो छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस पूरे घटनाक्रम में एक बड़ा भ्रम तब पैदा हो गया, जब घटनास्थल पर मिली स्कॉर्पियो की नंबर प्लेट (यूपी 81 डीएस…) को देखकर ग्रामीणों को लगा कि यह छर्रा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर रवेंद्र पाल सिंह की गाड़ी है।
शुरुआती जांच में वाहन के मालिक का नाम विवेक पाल सिंह (निवासी गभाना) सामने आया, जिससे यह अफवाह फैल गई कि गाड़ी विधायक या उनके परिवार के किसी सदस्य की हो सकती है। हालांकि, स्थिति तब साफ हुई जब खुद विधायक रवेंद्र पाल सिंह ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि इस नंबर की कोई भी गाड़ी उनके या उनके परिवार के किसी भी सदस्य के पास नहीं है।
हरदुआगंज पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए विनीत के शव का पोस्टमार्टम करा दिया है। एसएचओ जोगेंद्र सिंह के अनुसार, घटनास्थल से बरामद हुई नंबर प्लेट और अन्य भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
फिलहाल पुलिस को पीड़ित परिवार की ओर से औपचारिक तहरीर का इंतजार है, जिसके मिलते ही नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



