
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में हरिद्वार नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक 40 वर्षीय महिला की जान चली गई। जहानाबाद थाना क्षेत्र के अंतर्गत अप्सरा नदी पुल के पास सड़क पर बने एक गहरे गड्ढे से बचने के प्रयास में एक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। इस हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर जा गिरीं और सिर में गंभीर चोट आने के कारण उनकी मौत हो गई। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर जानलेवा बने गड्ढों को लेकर विभागीय लापरवाही की पोल खोल दी है।
मृतका की पहचान सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मीरापुर (पूरनपुर रोड) गांव निवासी सविता देवी (पत्नी मोहन स्वरूप) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उनका परिवार उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक निजी कंपनी में मजदूरी करता है। रविवार सुबह करीब 7:45 बजे सविता देवी अपने बेटे अमन गंगवार के साथ बाइक पर सवार होकर दशहरे की छुट्टी मनाने अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान अप्सरा नदी पुल के समीप यह दुखद दुर्घटना घटित हुई।
हादसे के बाद राहगीरों की मदद से पुलिस और एंबुलेंस को तुरंत सूचना दी गई। गंभीर रूप से घायल सविता को आनन-फानन में जहानाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। दशहरे के उल्लास के बीच घर लौट रही महिला की अचानक मौत से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई हैं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



