
उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में शनिवार देर रात एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा पेश आया, जहां देहात कोतवाली क्षेत्र के चरनगहिया-बेलहा गांव में एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार सड़क किनारे दुर्गा पूजा पंडाल के बाहर बैठे लोगों को रौंदती हुई निकल गई। इस भीषण दुर्घटना में तीन ग्रामीणों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 11-12 बजे गांव के दुर्गा मंदिर में आरती समाप्त होने के बाद कई ग्रामीण सड़क किनारे पर्दा लगाकर वीडियो देख रहे थे। इसी बीच गौरा चौराहे की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार कार बेकाबू हो गई और टेंट का कुछ हिस्सा तोड़ते हुए सीधे भीड़ में जा घुसी। अचानक हुए इस हादसे में लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। मृतकों की पहचान पाटेश्वरी प्रसाद उर्फ महता प्रसाद (42), मनोज सिंह (51) और गणेश पांडेय (45) के रूप में हुई है। ये सभी चरनगहिया-बेलहा गांव के ही निवासी थे।
हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सभी को जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीन को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल चार लोगों— छेदीराम (50), घोपराम (31), डब्लू (37) और मुकेश तिवारी (30) का इलाज शुरू किया गया।
इनमें से दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बहराइच रेफर कर दिया गया है। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और चालक को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है, जिसकी मेडिकल पुष्टि और जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।



