उत्तर प्रदेशबरेली

बरेली: जमीन पर कब्जे को लेकर प्रॉपर्टी डीलरों में हिंसक झड़प, सरेआम फायरिंग और गाड़ियों में तोड़फोड़, 2 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में भोजीपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे के पास बेशकीमती जमीन पर कब्जे को लेकर दो प्रॉपर्टी डीलरों के बीच हिंसक संघर्ष का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सैदपुर चुन्नीलाल इलाके में हुए इस विवाद में एक गुट ने जमकर तांडव मचाया। लाठी-डंडों, तलवारों और अवैध हथियारों से लैस होकर आए हमलावरों ने दहशत फैलाने के इरादे से सरेआम कई राउंड फायरिंग की और आधा दर्जन कारों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस गुंडागर्दी और गोलीबारी से पूरे इलाके में भारी दहशत फैल गई, जिससे सड़क से गुजर रहे राहगीर और खेतों में काम कर रहे लोग अपनी जान बचाकर भागने को मजबूर हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहली टोला (पुराना शहर) निवासी प्रॉपर्टी डीलर इमरान बृहस्पतिवार की शाम को उक्त जमीन पर निर्माण कार्य करा रहे थे, जिसे वे अपनी संपत्ति बताते हैं। इसी दौरान शराफत और भूरा पक्ष के लोग भारी संख्या में वहां आ धमके। हमलावरों ने आते ही इमरान पक्ष की सड़क पर खड़ी छह कारों पर डंडों से हमला कर उन्हें चकनाचूर कर दिया।

इस हिंसक हमले में इमरान के यहां मजदूरी कर रहे भमोरा के नकटपुर निवासी सचिन प्रताप सिंह घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का गंभीर आरोप है कि हमलावरों ने 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है और रकम न देने पर निर्माण कार्य रोकने तथा जान से मारने की धमकी देते हुए अंधाधुंध गोलियां चलाईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। सीओ हाईवे देवेश सिंह ने बताया कि पीड़ित इमरान की तहरीर के आधार पर पुलिस ने भूरा, फईम, राशिद, तासीम, जाहिद, इश्त्याक उर्फ पराडा, बाबू, बाबर और तालिब सहित 9 लोगों को नामजद करते हुए 40-50 अज्ञात हमलावरों के खिलाफ जानलेवा हमला, रंगदारी, तोड़फोड़ और मारपीट जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों— इश्त्याक उर्फ पराडा और नसीम अहमद— को गिरफ्तार कर लिया है और उनका चालान कर दिया है। बाकी फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Related Articles

Back to top button