उत्तर प्रदेशफ़िरोज़ाबाद

फिरोजाबाद में खौफनाक वारदात: आम के पेड़ से लटका मिला हरियाणा से लौटे युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के नारखी थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना सामने आई। ग्राम बछगांव रैमजा के बाहर स्थित आम के बाग में एक 26 वर्षीय युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान अमित कुमार उर्फ विकास के रूप में हुई है, जो मूल रूप से इसी गांव का रहने वाला था और हरियाणा के धारूहेड़ा में दूध का टैंकर चलाने का काम करता था।

अमित गुरुवार सुबह ही अपने गांव लौटा था। दोपहर के समय जब ग्रामीणों ने उसका शव पेड़ से लटकता देखा, तो पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रोते-बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

इस घटना को लेकर मृतक के परिवार ने गहरी साजिश और हत्या की आशंका जताई है। अमित के पिता राजकुमार का कहना है कि गुरुवार को उनके बेटे के पास किसी अज्ञात व्यक्ति का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकल गया था। अगले दिन शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे वह महज 10 मिनट के लिए घर लौटा और फिर से कहीं चला गया। उसके बाद सीधे उसकी मौत की खबर आई।

पिता का सीधा आरोप है कि किसी ने सोची-समझी साजिश के तहत अमित को फोन करके बुलाया, उसकी हत्या की और फिर पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को पेड़ पर लटका दिया ताकि यह आत्महत्या का मामला लगे। बता दें कि मृतक अविवाहित था और दो भाइयों व दो बहनों में दूसरे नंबर का था।

घटना की सूचना मिलने पर नारखी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। नारखी थानाध्यक्ष संजय कुमार पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला फंदे से लटकने के कारण हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पुलिस परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के संगीन आरोपों को नजरअंदाज नहीं कर रही है।

पुलिस अमित की कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि उसे आखिरी बार किसने फोन किया था। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की गहनता से जांच कर रही है और मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button