
उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सासनी क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। अलीगढ़ से हाथरस की ओर जा रही बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल की बस की एक बंद बॉडी वाले ट्रक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। समामई पेट्रोल पंप के पास हुए इस भीषण हादसे में बस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लगभग 15 लोग घायल हो गए। इनमें बस के चालक और परिचालक की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के वक्त स्कूल बस में करीब 25 स्टाफ सदस्य और तीन छात्र सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भयंकर थी कि ट्रक का डीजल टैंक फट गया। हालांकि, गनीमत यह रही कि डीजल टैंक में आग नहीं लगी, अन्यथा एक बहुत बड़ी त्रासदी हो सकती थी और कई जानें जा सकती थीं। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और हाईवे पर जाम लग गया।
स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में बुरी तरह फंसे 34 वर्षीय बस चालक अतुल कुमार शर्मा और 26 वर्षीय परिचालक समीर को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सभी घायलों को फौरन एंबुलेंस की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। घायलों में बस चालक और परिचालक के अलावा मोक्षा, शिव सक्सेना, पूजा, भाग्य रेखा, दीप्ति, डिंपल शर्मा, खुशबू गौतम, सेवी रस्तोगी और मानसी शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए हाइड्रा क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त स्कूली बस को हाईवे से हटाया, जिसके बाद बंद पड़े यातायात को दोबारा सुचारू किया जा सका।



