उत्तराखंड

खटीमा: सीएम धामी ने किया 7.23 करोड़ की गोशाला का उद्घाटन, 108 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की दी सौगात

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को खटीमा के हल्दीघेरा में 7.23 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित गोशाला का भव्य उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देते हुए 108.84 करोड़ रुपये की लागत वाली 15 विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया।

इन प्रमुख परियोजनाओं में 34.44 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से राज्य राजमार्ग 70 (स्टेट हाईवे 70) के सत्रह मील से नानकसागर खंड तक 13.60 किलोमीटर लंबे हिस्से का चौड़ीकरण और उच्चीकरण शामिल है।

मुख्यमंत्री धामी ने नवनिर्मित हल्दीघेरा गोशाला के भविष्य में आवश्यकतानुसार विस्तार की घोषणा करते हुए कहा कि यह सुविधा बेसहारा गोवंश को सुरक्षित आश्रय प्रदान करने में मील का पत्थर साबित होगी। इससे जहां एक ओर बेसहारा पशुओं की उचित देखभाल सुनिश्चित होगी, वहीं किसानों की फसलों को होने वाले नुकसान से भी बचाव होगा।

इसके अतिरिक्त, सड़कों पर बेसहारा घूमने वाले मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं के खतरे को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा। उन्होंने जानकारी दी कि वर्तमान में पूरे उत्तराखंड में विभिन्न गोसदनों के माध्यम से 16,000 से अधिक बेसहारा मवेशियों को आश्रय उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार ने एक कदम और आगे बढ़ाते हुए पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर ‘ग्राम्य गौ सेवक योजना’ की भी शुरुआत की है तथा शहरी विकास व पंचायती राज विभागों के सहयोग से राज्य में गोशालाओं के निर्माण के लिए 63 स्थानों पर भूमि चिन्हित कर ली गई है।

गोवंश संरक्षण को ग्रामीण आजीविका और अर्थव्यवस्था से जोड़ने की सरकार की दूरगामी सोच का जिक्र करते हुए सीएम ने बताया कि प्रदेश की स्वदेशी ‘बद्री’ गाय के शुद्ध घी और डेयरी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि खटीमा सहित पूरे ऊधमसिंह नगर जिले में सड़कों, पुलों, शिक्षा, बाढ़ सुरक्षा और अन्य बुनियादी ढांचागत सुविधाओं को मजबूत करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ विकास परियोजनाओं को पूरा करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सरकार प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत व परंपराओं को सहेजते हुए विकास और जन कल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है।

Related Articles

Back to top button