
ओमान के पूर्वी तट के पास भारत की ओर आ रहे कमर्शियल जहाज ‘एमवी केप दाओ’ (MV Cape Dao) पर हुए एक जानलेवा हमले में एक भारतीय नाविक की दर्दनाक मौत हो गई है। फॉरवर्ड सीमेन्स यूनियन ऑफ इंडिया (FSUI) ने मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी सूरज यादव के रूप में की है, जो इस जहाज पर वाइपर के पद पर कार्यरत थे।
इस बड़े हमले के बाद ओमान की रॉयल नेवी ने तत्परता दिखाते हुए राहत और बचाव अभियान चलाया और जहाज पर सवार शेष 27 क्रू सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया। बचाए गए सभी सदस्यों को आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा दी गई है।
यूनियन द्वारा दी गई रिपोर्ट के अनुसार, जहाज को दो टॉरपीडो से निशाना बनाया गया था, जिनमें से एक पोर्ट साइड के सी-डेक पर और दूसरा इंजन रूम के हिस्से में लगा। बताया जा रहा है कि जहाज पर कुल 28 क्रू सदस्य मौजूद थे। एफएसयूआई के मुताबिक इनमें 20 भारतीय थे, हालांकि ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने जहाज पर 19 भारतीय नागरिकों के होने की आधिकारिक पुष्टि की है। घटना के तुरंत बाद भारतीय दूतावास ने ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर लिया है और मृतक नाविक के परिजनों से भी संपर्क साधा जा रहा है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने इस हिंसक हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं और बताया कि सभी भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी के लिए प्रयास जारी हैं।
भारत सरकार ने कमर्शियल जहाजों, नाविकों और नागरिक बुनियादी ढांचे पर हो रहे इन हमलों पर गहरी चिंता जताते हुए इन्हें तत्काल रोकने की मांग की है। इसके साथ ही, नई दिल्ली ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर बिना किसी रुकावट के आवाजाही और व्यापार सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्र में तनाव कम करने, कूटनीति अपनाने और शांति बहाल करने की अपनी अपील को मजबूती से दोहराया है।



