
राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर सुरक्षा में एक बेहद गंभीर और चौंकाने वाली चूक का मामला सामने आया है। अमृतसर से एअर इंडिया की उड़ान के जरिए दिल्ली पहुंचे तीन इैलियन (इटली के) नागरिक बिना किसी इमिग्रेशन क्लीयरेंस (प्रवासन मंजूरी) के ही भारत से बाहर चले गए। इस हाई-प्रोफाइल सुरक्षा चूक को नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बेहद गंभीरता से लिया है और एयरलाइन कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
एअर इंडिया को कारण बताओ नोटिस और SOP का उल्लंघन
बिना इमिग्रेशन जांच के विदेशी नागरिकों के देश से बाहर निकल जाने की इस घटना ने देश की एयरपोर्ट सुरक्षा, एयरलाइन की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले के तूल पकड़ने के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एअर इंडिया (Air India) को आधिकारिक तौर पर कारण बताओ नोटिस (Show Cause Notice) जारी किया है।
मंत्रालय की ओर से जारी रिपोर्ट में एयरलाइन पर स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) के कुल 5 प्रमुख प्रावधानों के गंभीर उल्लंघन का जिक्र किया गया है। मंत्रालय ने एअर इंडिया को इस पूरी लापरवाही पर स्पष्ट जवाब देने के लिए 7 दिन का समय दिया है। एयरलाइन की तरफ से संतोषजनक जवाब या स्पष्टीकरण मिलने के बाद ही इस मामले में आगे की सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।




