उत्तर प्रदेशकानपुर

कानपुर की गल्ला मंडी में पुलिस को चुनौती: बेखौफ चोरों ने चटकाए 6 दुकानों के ताले, डेढ़ लाख से अधिक की नकदी पार

उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित हनुमंत विहार थाना क्षेत्र की नौबस्ता नवीन गल्ला मंडी में सुरक्षा व्यवस्था की पोल उस वक्त खुल गई, जब बेखौफ चोरों ने एक ही रात में आधा दर्जन दुकानों को अपना निशाना बना लिया। पुलिस की रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा के दावों को धता बताते हुए चोरों ने आसानी से छह दुकानों के ताले तोड़ दिए और वहां से डेढ़ लाख रुपये से अधिक की नकदी लेकर फरार हो गए।

हैरत की बात यह रही कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया और पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है।

मंगलवार की सुबह जब कारोबारी अपनी दुकानों पर पहुंचे, तो ताले टूटे देखकर उनके होश उड़ गए। शातिर चोरों ने मुख्य रूप से उन दुकानों को निशाना बनाया जहां नकदी रखे होने की ज्यादा संभावना थी। दाल के आढ़ती महेश की दुकान से चोरों ने सबसे अधिक सवा लाख (1.25 लाख) रुपये उड़ाए।

इसके अलावा हरिकिशन की दुकान से 25 हजार रुपये, मूंगफली आढ़ती अभय की दुकान से 1500 रुपये और राहुल के गल्ले से 4000 रुपये गायब मिले। इनके साथ ही गल्ला व्यापारी रोहित उर्फ चिंटू और गुड़ के आढ़ती राजू मुनीम की दुकानों को भी चोरों ने अपना निशाना बनाया। एक साथ इतनी दुकानों में हुई इस सेंधमारी ने पूरे मंडी परिसर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

मंडी में चोरी की सूचना मिलते ही व्यापार मंडल के पदाधिकारी भी आढ़तियों के समर्थन में तुरंत मौके पर पहुंच गए। व्यापार मंडल के जिला महामंत्री पवन तिवारी के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुलिस के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की और जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की।

हंगामे और शिकायत के बाद हनुमंत विहार पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। हनुमंत विहार के थानाध्यक्ष (एसओ) राजीव सिंह ने आक्रोशित व्यापारियों को शांत कराते हुए आश्वासन दिया है कि चोरों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगा दी गई हैं। फिलहाल, घटना को अंजाम देने वालों की पहचान करने के लिए मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है।

Related Articles

Back to top button