उत्तर प्रदेशवाराणसी

वाराणसी में दर्दनाक हादसा: स्कूल जा रही छात्रा को डंपर ने कुचला, मौत के बाद आक्रोशित परिजनों का चक्काजाम

वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया। बार्थरा कला (टड़िया) गांव की रहने वाली 16 वर्षीय रोशनी जब सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली, तभी सरैया विशुनपुरा में एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे रौंद दिया।

हादसे में कक्षा नौ की इस छात्रा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस भयानक घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने भाग रहे डंपर को घेर लिया और चालक की जमकर पिटाई करने के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली रोशनी की मौत की खबर जैसे ही उसके परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। परिजनों की नाराजगी इस बात को लेकर और भड़क गई कि हादसे की सूचना मिलने के बावजूद स्कूल प्रशासन की तरफ से कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा। इसके विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने शव को जाल्हूपुर बाजार के पास चंद्रा-बलुआ मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क को पूरी तरह से जाम कर दिया। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए।

सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा और चोलापुर पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित भीड़ को समझाने-बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों को लेकर डटे रहे। पुलिस के अनुसार, इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और आरोपी चालक व डंपर को हिरासत में ले लिया गया है। मृतका रोशनी चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी, जिसकी अचानक और दर्दनाक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Related Articles

Back to top button