
उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में शनिवार शाम को एक भयानक सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई। यह हादसा बस्ती-टांडा मार्ग पर कार और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर से हुआ।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मृतकों की पहचान शरीफ (28), शहाबुद्दीन (28) और नूर आलम (26) के रूप में हुई है। तीनों बस्ती जिले के निवासी थे। दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे व्यक्ति शरीफ को अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटनाग्रस्त कार के चालक अविनाश वर्मा (आजमगढ़ निवासी) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत ने बताया कि कार और बाइक के बीच टक्कर हुई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



