उत्तर प्रदेश

अखिलेश यादव का बीजेपी पर तीखा हमला: रक्षाबंधन पर मुफ्त बस यात्रा के वादे और जाट समाज के मुद्दों पर सरकार को घेरा

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी में शामिल किया और समाजवादी नीतियों तथा विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

मुफ्त बस यात्रा के मुद्दे पर निशाना
अखिलेश यादव ने रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा के मुद्दे को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार ने रक्षाबंधन पर मुफ्त बस यात्रा का वादा तो किया, लेकिन बसें ही हटवा दीं। भाजपा नेताओं पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “प्राण जाए पर वचन न जाए कहने वाले रघुवंशियों तक को ठग लेने वाले ये भाजपा नेता क्या वचन निभाएंगे।”

जाट समाज के मुद्दों पर सवाल
सपा अध्यक्ष ने जाट समाज से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जाट समाज में व्याप्त आक्रोश और मारे गए लोकप्रिय युवा गायक अंकित बालियान के दुखी पिता की बात सुनेंगे या उनसे भी उसी तरह पेश आएंगे, जैसा पहले एक दुखी मां के साथ हुआ था। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा सिर्फ वोटों की सगी है, जाट या किसी अन्य समाज की नहीं। उन्होंने कहा कि आज जो जाट नेता अपने स्वार्थ के कारण भाजपा के साथ खड़े हैं, उनसे पूरा जाट समाज जवाब मांग रहा है। सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि भाजपा के सहयोगी जाट नेता आखिर कहां भूमिगत हो गए हैं। युवा जाट आज ऐसे नेताओं को तलाश रहे हैं और उनसे जवाब मांगना चाहते हैं।

Related Articles

Back to top button