
बदायूं के बिसौली क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह डंपर की टक्कर से अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे तरुण यादव (19) की मौत हो गई। उसका साथी अर्पित यादव (18) गंभीर रूप से घायल है। दोनों ने अग्निवीर की लिखित परीक्षा पास कर शारीरिक दक्षता की तैयारी कर रहे थे।
बदायूं के बिसौली क्षेत्र में बृहस्पतिवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक तरुण यादव की जान चली गई, जबकि दूसरा अर्पित यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद डंपर लेकर चालक भाग गया।
गांव गुलड़िया निवासी अर्पित (18 वर्ष) और तरुण उर्फ बाबू (19 वर्ष) मदनलाल इंटर कॉलेज में दौड़ लगाकर लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े सात बजे एक डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सड़क किनारे खंती में जा गिरी। दोनों युवक सड़क पर बुरी तरह घायल होकर गिर गए।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया। बरेली ले जाते समय तरुण ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अर्पित की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। उसका इलाज बरेली में जारी है।
परिजनों ने बताया कि अर्पित और तरुण दोनों ने अग्निवीर भर्ती की लिखित परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर ली थी। वे पिछले कुछ दिनों से मदनलाल इंटर कॉलेज परिसर में शारीरिक दक्षता परीक्षा की कड़ी तैयारी कर रहे थे। बृहस्पतिवार सुबह भी वे इसी तैयारी के बाद अपने घर लौट रहे थे। तरुण अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिससे परिवार का सहारा छिन गया। इस घटना से उनके अग्निवीर बनने का सपना अधूरा रह गया। तरुण के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।



