
पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के एक सरकारी अस्पताल में आग लगने से कम से कम 15 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। यह घटना पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (पीआईएमएस) अस्पताल में घटी। अधिकारियों के अनुसार जब आग लगी तब अस्पताल के स्त्री रोग वार्ड में 16 नवजात शिशु थे, जिनमें से 15 की आग में मौत हो गई जबकि एक को बचा लिया गया। बचाव दल ने स्थानीय प्रसारक को बताया कि अस्पताल के नर्सरी में एयर कंडीशनर कंप्रेसर के फटने से आग लगी। अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है।
यह आग अस्पताल के गायनेकोलॉजी वार्ड में लगी , बचाव दलों को अस्पताल भेजा गया और उन्होंने आग बुझाने और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने का काम किया, साथ ही घटनास्थल पर कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया। इस घटना ने अस्पताल की नवजात शिशु और मैटरनिटी सुविधाओं में सुरक्षा उपायों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। जिला प्रशासन ने बताया कि सूचना मिलते ही बचाव दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव कार्य में दमकल की छह गाड़ियां और चार एम्बुलेंस शामिल थीं। इस घटना की जांच के लिए अतिरिक्त उपायुक्त की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया गया है।



